नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा बुधवार 15 अप्रैल को घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में नीमच जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। जिले के 10वीं के तीन विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान हासिल किया है, वहीं 12वीं में भी एक छात्र ने मेरिट में जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।जिला शिक्षा विभाग के सहायक संचालक मनोज जैन ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं में नीमच जिले का कुल परीक्षा परिणाम 83.40 प्रतिशत रहा। इसमें शासकीय विद्यालयों का परिणाम 90.21 प्रतिशत तथा निजी विद्यालयों का 72.56 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश स्तर पर नीमच जिले की स्थिति 73.42 प्रतिशत रही। मेरिट सूची में जिले की प्रियांशी (पिता गणपत) सांदीपनि विद्यालय ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा प्रांजल (पिता सुनील सोनी) जिनेंद्र एजुकेशन, सिंगोली तथा मतेशा गोरी (पिता जाहिद हुसैन) विजडम पब्लिक स्कूल, नीमच ने संयुक्त रूप से दसवां स्थान हासिल किया।इसी प्रकार कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में भी नीमच जिले ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जिले का कुल परिणाम 87.36 प्रतिशत रहा,जिसमें शासकीय विद्यालयों का परिणाम 90.46 प्रतिशत एवं निजी विद्यालयों का 81.89 प्रतिशत रहा। प्रदेश स्तर पर नीमच जिले की स्थिति 76.01 प्रतिशत दर्ज की गई है।कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के वाणिज्य संकाय के छात्र प्रमोद (पिता सीताराम) ने आठवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस सफलता पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया है। जिले के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह स्पष्ट है कि शासकीय विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। शिक्षा विभाग ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।







