Ads Slider

नीट-यूजी 2026 पुनः परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न:926 में से 845 अभ्यर्थी हुए शामिल,छात्रों ने कहा—पेपर रहा चुनौतीपूर्ण,व्यवस्थाएं मिली उत्कृष्ट

Mahendra Upadhyay
5 Min Read
Oplus_131072

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) की पुनः परीक्षा रविवार को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंधों एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित इस महत्वपूर्ण परीक्षा में जिले के कुल 926 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 845 विद्यार्थियों ने भाग लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद जैसे ही अंतिम घंटी बजी, केंद्रों से बाहर निकलते विद्यार्थियों के चेहरों पर राहत और उत्सुकता दोनों दिखाई दीं।परीक्षा देकर बाहर आए अधिकांश विद्यार्थियों का कहना था कि इस बार का प्रश्नपत्र पिछली परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन रहा। विशेष रूप से फिजिक्स और केमिस्ट्री विषय के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को काफी चुनौती दी। हालांकि प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की सभी ने सराहना की।

परीक्षार्थी वैभव जोशी ने बताया कि यह उनका दूसरा अवसर था। उन्होंने कहा कि पिछली परीक्षा की तुलना में इस बार का पेपर काफी कठिन था। फिजिक्स और केमिस्ट्री में कई प्रश्न ऐसे थे जिनमें गहन अवधारणात्मक समझ की आवश्यकता थी।
श्रुति गर्ग ने बताया कि इस बार प्रश्नपत्र हल करने में अपेक्षाकृत कम समय लगा, लेकिन केमिस्ट्री के प्रश्न काफी जटिल थे।

पूर्वी पाटीदार ने कहा कि बायोलॉजी का स्तर संतुलित था, लेकिन फिजिक्स और केमिस्ट्री ने छात्रों की तैयारी की वास्तविक परीक्षा ली।

वियान दक ने भी माना कि तीनों विषयों—बायोलॉजी, केमिस्ट्री और फिजिक्स—में प्रश्नों का स्तर पिछली परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन था। वहीं मुकेश धाकड़ का कहना था कि पेपर का वास्तविक मूल्यांकन विस्तृत विश्लेषण के बाद ही किया जा सकेगा, लेकिन प्रथम दृष्टया प्रश्नपत्र चुनौतीपूर्ण नजर आया।
भावेश लोहार ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि अभ्यर्थियों के लिए बैठने, पेयजल और अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था की गई थी, जिससे परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

*दो केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा*

जिले में परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए थे।श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय,नीमच में 456 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 423 उपस्थित रहे, जबकि स्वामी विवेकानंद पी.जी. कॉलेज, नीमच में 470 में से 422 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल 926 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 845 ने परीक्षा में भाग लेकर लगभग 91 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई।

*सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर रहा विशेष फोकस*

कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में परीक्षा को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। एडीएम बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे, तहसीलदार सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने सुबह से ही दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।दोनों केंद्रों पर अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक पहचान,लाइव सीसीटीवी निगरानी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच तथा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अमला पूरी तरह सतर्क रहा।

*अभिभावकों के लिए भी रही विशेष व्यवस्था*

प्रशासन ने केवल परीक्षार्थियों ही नहीं बल्कि उनके अभिभावकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा। परीक्षा केंद्रों पर प्रतीक्षारत परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था, शीतल पेयजल,की व्यवस्था की गई थी। गर्मी के मौसम को देखते हुए यह व्यवस्था अभिभावकों के लिए काफी राहतभरी साबित हुई।नगर समन्वयक एवं केंद्रीय विद्यालय नीमच के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।परीक्षा के सफल संचालन पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने सभी परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अब विद्यार्थियों की निगाहें परीक्षा के विश्लेषण और आगामी परिणाम पर टिकी हैं,जो उनकी मेहनत और तैयारी का वास्तविक प्रतिफल तय करेगा।

Share This Article