नीमच/रतलाम। महेंद्र उपाध्याय।मुंबई एवं पुणे क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा, जलभराव तथा मुंबई–पुणे घाट सेक्शन में भूस्खलन और रेलवे ट्रैक पर बोल्डर गिरने की घटनाओं के कारण पश्चिम एवं मध्य रेलवे का रेल परिचालन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। इसका असर रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण मेल एवं एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी पड़ा है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कई ट्रेनों को निरस्त, रीशिड्यूल, शॉर्ट टर्मिनेट तथा परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया है।रेलवे जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, 06 जुलाई 2026 को ट्रेन संख्या 22944 इंदौर–दौंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सूरत–जलगांव–मनमाड–पुणे होकर चलेगी। वहीं ट्रेन संख्या 12264 हजरत निजामुद्दीन–पुणे दुरंतो एक्सप्रेस भी सूरत–पालधी–जलगांव–मनमाड–पुणे मार्ग से संचालित की जाएगी।भारी बारिश के कारण 06 जुलाई को तीन प्रमुख ट्रेनों को निरस्त किया गया है। इनमें 12953 मुंबई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस, 12925 बांद्रा टर्मिनस–अमृतसर पश्चिम एक्सप्रेस तथा 12471 बांद्रा टर्मिनस–श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस शामिल हैं।इसके अलावा कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। 12951 मुंबई सेंट्रल–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अब रात्रि 9:00 बजे, 12955 मुंबई सेंट्रल–जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस रात 11:00 बजे, 12961 मुंबई सेंट्रल–इंदौर अवंतिका एक्सप्रेस रात 11:30 बजे, 12903 बांद्रा टर्मिनस–अमृतसर गोल्डन टेम्पल मेल रात 11:15 बजे, जबकि 19037 बांद्रा टर्मिनस–बरौनी अवध एक्सप्रेस 07 जुलाई को प्रातः 1:30 बजे रवाना होगी।रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए रतलाम मंडल से होकर गुजरने वाली अथवा मंडल में आने-जाने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ सकता है। कुछ ट्रेनें विलंब से चल सकती हैं, उनका मार्ग बदला जा सकता है अथवा आवश्यकता पड़ने पर शॉर्ट टर्मिनेट भी किया जा सकता है।रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। यात्री भारतीय रेलवे की आधिकारिक पूछताछ वेबसाइट तथा RailOne ऐप के माध्यम से ट्रेनों के समय, ठहराव एवं अन्य अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।







