नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नए सत्र को लेकर जिले के एसआर कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। संस्थान ने इस वर्ष बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) और बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) जैसे दो नए पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है,जबकि बैचलर ऑफ लॉ (एलएलबी) पाठ्यक्रम की मान्यता सक्षम प्राधिकारी स्तर पर अंतिम प्रक्रिया में होने की जानकारी कॉलेज प्रबंधन ने दी है।प्रबंधन का कहना है कि एलएलबी को लेकर आवश्यक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अनुमति मिलते ही प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।कॉलेज प्रबंधन समिति के सदस्य संदीप लोहार ने बताया कि संस्थान में पहले से संचालित डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डी.एल.एड.), बैचलर ऑफ एजुकेशन (बी.एड.), बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी.फार्मा), डिप्लोमा इन फार्मेसी (डी.फार्मा) और मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) पाठ्यक्रम विधिवत मान्यता प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि इसी शैक्षणिक सत्र से बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रम भी प्रारंभ किए जा रहे हैं,जिनकी आवश्यक मान्यताएं प्राप्त हो चुकी हैं। इन पाठ्यक्रमों से संबंधित जानकारी उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित ऑनलाइन पोर्टलों पर उपलब्ध है,जिससे कोई भी व्यक्ति इसकी पुष्टि कर सकता है।एलएलबी पाठ्यक्रम को लेकर चल रही चर्चाओं पर संदीप लोहार ने स्पष्ट किया कि इसकी फाइल सक्षम प्राधिकारी के समक्ष विचाराधीन है। उनके अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज और वैधानिक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर दी गई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकारी के स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक-दो सप्ताह के भीतर मान्यता प्राप्त हो सकती है।प्रबंधन का कहना है कि एलएलबी पाठ्यक्रम की मान्यता लंबित होने के कारण फिलहाल इस कोर्स में प्रवेश शुरू नहीं किए गए हैं। वर्तमान में केवल पंजीयन की प्रक्रिया चल रही है और मान्यता मिलने के बाद ही विधिवत प्रवेश लिए जाएंगे।कॉलेज प्रबंधन ने यह भी कहा कि एलएलबी पाठ्यक्रम को लेकर फैली कुछ जानकारियों के कारण अन्य संचालित पाठ्यक्रमों की मान्यता को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी। इसे स्पष्ट करते हुए प्रबंधन ने कहा कि वर्तमान में संचालित सभी पाठ्यक्रम मान्यता प्राप्त हैं और केवल एलएलबी की प्रक्रिया जारी है नए शैक्षणिक सत्र में बीसीए,बीबीए और प्रस्तावित एलएलबी जैसे नए पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक विकल्प बढ़ाने की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया जारी है।







