Ads Slider

मुख्यमंत्री हों या मंत्री, गलत तरीके से संपत्ति अर्जित करने पर हो कार्रवाई : अजय सिंह प्रदेशभर में संगठन सशक्त करने और पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जोड़ने के अभियान पर निकले पूर्व नेता प्रतिपक्ष

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेंद्र उपाध्याय। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधानसभा से सात बार विधायक रह चुके अजय सिंह ने कहा है कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी भी व्यक्ति द्वारा यदि गलत तरीके से संपत्ति अर्जित की जाती है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होना चाहिए। उन्होंने सागर मंथन से कहा कि जमीन खरीदना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर सरकारी योजनाओं का लाभ किसी विशेष भूमि को पहुंचाकर उसकी कीमत बढ़ाई जाए और उससे व्यक्तिगत लाभ लिया जाए, तो यह गंभीर विषय है।नीमच प्रवास के दौरान गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद अजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जुड़े भूमि खरीद प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठा रही है। उनका कहना था कि यदि आरोपों में तथ्य हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई भी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जवाबदेही सभी के लिए समान है,चाहे वह मंत्री हो या मुख्यमंत्री।अजय सिंह ने कहा कि उन्हें कांग्रेस संगठन द्वारा पूरे मध्यप्रदेश में संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में वे प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। सागर मंथन उनका मुख्य उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करना,पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को पुनः सक्रिय करना तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना है।उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर ऐसे समर्पित कांग्रेसजन हैं जो किसी कारणवश सक्रिय राजनीति से दूर हो गए हैं। पार्टी का प्रयास है कि ऐसे अनुभवी कार्यकर्ताओं को पुनः संगठन से जोड़ा जाए और उनकी ऊर्जा तथा अनुभव का लाभ कांग्रेस को मिले। अजय सिंह ने विश्वास जताया कि संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के बल पर कांग्रेस आगामी चुनावों में मजबूती से मैदान में उतरेगी।नीमच सहित प्रदेशभर में चल रहे इस संगठनात्मक अभियान को कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व संगठन विस्तार, कार्यकर्ता संवाद और जनसंपर्क के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटा हुआ है।

Share This Article