Ads Slider

रघुवीर सिंह हादसा मामला गरमाया: निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परिजनों को सहायता की मांग

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। ग्राम आमलीखेड़ा निवासी एवं बोरदिया में मेडिकल व्यवसाय संचालित करने वाले रघुवीर सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। बुधवार को करणी सेना परिवार,राजपूत समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर दुर्घटना की निष्पक्ष जांच,दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा मृतक परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग उठाई।ज्ञापन में बताया गया कि रघुवीर सिंह 29 मई की रात अपना मेडिकल स्टोर बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम बेलारी के समीप हुई सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। रघुवीर सिंह क्षेत्र में एक लोकप्रिय, मिलनसार और सम्मानित व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी असमय मृत्यु से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।करणी सेना परिवार के जिला अध्यक्ष गिरिराज सिंह रूपपुरा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि दुर्घटना की परिस्थितियां कई तरह के सवाल खड़े करती हैं। ऐसे में मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराई जाना आवश्यक है, ताकि हादसे के वास्तविक कारण सामने आ सकें। संगठन ने मांग की कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही, जिम्मेदारी या अन्य किसी प्रकार की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।ज्ञापन के माध्यम से मृतक के परिजनों को शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। साथ ही परिवार को पात्रतानुसार विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी हरसंभव मदद सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधियों ने दुर्घटना स्थल एवं आसपास के मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग भी रखी।संगठन ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपते समय करणी सेना परिवार, राजपूत समाज एवं सर्व समाज के अनेक पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article