नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले में शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े मल्टी टास्क स्टाफ कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने कहा कि अस्पतालों में लगातार सेवाएं देने के बावजूद समय पर वेतन नहीं मिलने से वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जनवरी माह से लगातार कार्य करने के बावजूद अब तक केवल एक माह का वेतन ही प्राप्त हुआ है। करीब तीन माह का वेतन लंबित होने से कर्मचारियों के सामने परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक खर्चों की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है।कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि नियमानुसार प्रत्येक माह की 10 तारीख तक वेतन भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन लंबे समय से भुगतान लंबित रहना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि एक ओर वे अस्पतालों में अपनी जिम्मेदारियां निभाते हुए मरीजों की सेवा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें कर्ज और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों ने घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए उधार लेने की मजबूरी भी जताई।कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की कि लंबित वेतन का तत्काल भुगतान कराया जाए तथा भविष्य में नियमित और समय पर वेतन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। साथ ही कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।







