नीमच। महेंद्र उपाध्याय।शहर में बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में महिला थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधी कॉलोनी में संचालित सांवरिया फर्नीचर के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 5000 का जुर्माना वसूला गया। दुकान संचालक द्वारा सड़क तक सामान फैलाकर अतिक्रमण किया जा रहा था, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न हो रही थी।नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टॉक ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित दुकान संचालक को पूर्व में कई बार मौखिक रूप से समझाइश दी गई थी, साथ ही लिखित नोटिस भी जारी किए गए थे। बावजूद इसके अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ी।कार्रवाई के तहत स्वच्छता निरीक्षक गोपाल नरवाले को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने टीम के साथ पहुंचकर सड़क पर फैला सामान हटवाया और मौके पर ही 5000 का चालान काटा। इस दौरान दुकान संचालक को कड़ी चेतावनी भी दी गई कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो दुकान को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ,सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है,बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाता है।नगर पालिका ने शहर के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें। यदि नियमों का उल्लंघन किया गया तो इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।







