नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें बंजारा समाज के एक युवक व परिजनों ने अपनी बहन व बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने और जहर खिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।सागर मंथन को प्राप्त जानकारी के अनुसार धरमपुरा (प्लाट का खेड़ा) निवासी लालसिंह पिता सद्दाराम चंदेल ने शिकायत में बताया कि उसकी बहन किरण का विवाह समाज की रीति-रिवाज के अनुसार दीपक पिता खेमराज निवासी देपालपुरा (पिपलिया मंडी क्षेत्र) से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पीड़िता को पहले भी शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिसकी वजह से कई बार सामाजिक स्तर पर समझाइश भी दी गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।शिकायतकर्ता के अनुसार विवाह के दो वर्ष बाद किरण ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल पक्ष द्वारा उसे और अधिक परेशान किया जाने लगा। आरोप है कि पुत्र नहीं होने की बात को लेकर मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।घटना के संबंध में बताया गया कि 24 अप्रैल 2026 को पीड़िता अपने जीजा के यहां एक कार्यक्रम में गई थी, जहां उसके साथ मारपीट की गई।सागर मंथन इसके अगले दिन 25 अप्रैल को सुबह के भोजन में जहर मिलाकर उसे जबरन खिला दिया गया।इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे मनासा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया।परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने जांच के दौरान जहर दिए जाने की पुष्टि की है। वर्तमान में पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। वहीं, पीड़िता की छह माह की बच्ची भी फिलहाल ससुराल पक्ष के पास बताई जा रही है।शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।







