Ads Slider

प्रेम विवाह की कीमत: 5.25 लाख लेने के बाद भी परिवार पर हमले का आरोप,दंपती ने एसपी से मांगी सुरक्षा

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेंद्र उपाध्याय। प्रेम विवाह करने वाले एक दंपती ने अपने ही मायके पक्ष के लोगों पर लगातार मारपीट, जान से मारने की धमकी, घर पर पथराव और छह माह के मासूम बच्चे की हत्या का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर शुक्रवार को पीड़िता जया मेघवाल, उसके पति अरविंद मेघवाल तथा सास-ससुर जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार की सुरक्षा तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।शिकायती आवेदन के अनुसार जया मेघवाल निवासी ग्राम भमेसर, तहसील रामपुरा ने 29 अप्रैल 2024 को अपनी मर्जी और परिवार के किसी दबाव के बिना अरविंद मेघवाल से विधिवत प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद वह अपने पति के साथ ससुराल में रह रही है। दंपती का छह माह का एक पुत्र नमन भी है और दोनों अपने वैवाहिक जीवन में खुश हैं।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह से नाराज मायके पक्ष के कुछ परिजन लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। शिकायत में दादा रामनारायण, दादी सोहनबाई, काका मुकेश, पिता प्रकाश, फूफा सीताराम, बुआ बालीबाई तथा भाई पवन को नामजद करते हुए आरोप लगाया गया है कि ये लोग आए दिन गाली-गलौज, मारपीट, घर पर पथराव और जान से मारने की धमकी देते हैं। इतना ही नहीं, छह माह के मासूम बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। साथ ही पति के मित्र श्रवण और सुनील को झूठे मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़िता ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि प्रेम विवाह के बाद समाज में हुए विवाद को समाप्त करने के लिए सामाजिक दंड (झगड़ा राशि) के रूप में 5 लाख 25 हजार रुपये दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद आरोपित पक्ष लगातार और रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत के अनुसार आरोपियों का कहना है कि यदि अतिरिक्त राशि नहीं दी गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।पीड़िता का कहना है कि उसका मायका और ससुराल एक ही गांव भमेसर में होने के कारण परिवार का गांव में रहना मुश्किल हो गया है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार भय के साये में जीवन बिताने को मजबूर है और कई बार घर छोड़कर इधर-उधर शरण लेने की नौबत आ चुकी है।पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तत्काल पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share This Article