नीमच।महेंद्र उपाध्याय।जिले के जीरन थाना क्षेत्र के चीताखेड़ा कस्बे में बस स्टैंड स्थित एक निजी चिकित्सालय के बाहर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित मारुति सिलेरियो कार अचानक भीड़ में घुस गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई,और मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया।मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुरा निवासी माखन लाल पिता लालू बंजारा उम्र 22 वर्ष टिन शेड लगाने के दौरान घायल हो गया था। परिजन उसे उपचार के लिए चीताखेड़ा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। घायल के अस्पताल पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर एकत्रित थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग से गुजर रही एक मारुति सिलेरियो कार के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे भीड़ में जा घुसी। कार ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे में माखन पिता लालू बंजारा,महेंद्र पिता छगनलाल माली,सत्यनारायण पिता किशोरीलाल शर्मा, गोपाल पिता दौलतराम मोची, सत्तू पिता कन्हैयालाल नाई, बादल पिता रामलाल बंजारा तथा राजू पिता भीमसिंह निवासी लक्ष्मीपुरा घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा वाहन चालक द्वारा कार से नियंत्रण खो देने के कारण हुआ। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
चीताखेड़ा में बड़ा हादसा: अनियंत्रित कार भीड़ पर चढ़ी, सात घायल, अस्पताल के बाहर मची अफरा-तफरी







