नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जिले के सीताराम जाजू सागर बांध (हरकियाखाल डैम) की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध खेती और निर्माण का मामला मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचा। शिकायतकर्ता राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर नगर पालिका एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई कराने की मांग की।शिकायत में बताया गया कि सीताराम जाजू सागर बांध के आसपास बरखेड़ा गुर्जर, जीरन, पावटी, पिपलिया गुर्जर और कालियाखेड़ी क्षेत्र में स्थित शासकीय भूमि पर वर्षों से कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर हर वर्ष अवैध रूप से फसल बोई जा रही है। कई बार शिकायत किए जाने के बाद इस वर्ष नगर पालिका द्वारा भूमि का सीमांकन कराया गया, जिसमें कुछ स्थानों पर गहरी खाई खोदी गई तथा खंभे लगाए गए, लेकिन बरखेड़ा गुर्जर क्षेत्र में यह कार्य नहीं किया गया।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि डैम प्रभारी शेरू चौहान की मिलीभगत के कारण बरखेड़ा गुर्जर क्षेत्र में न तो खाई खुदवाई गई और न ही सीमांकन के खंभे लगाए गए। शिकायतकर्ता का कहना है कि सबसे अधिक अवैध खेती भी इसी क्षेत्र में होती है और हर वर्ष कब्जाधारियों से सांठगांठ कर शासकीय भूमि पर खेती करवाई जाती है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सीमांकन के दौरान नगर पालिका की भूमि पर तीन से चार अवैध निर्माण भी चिन्हित हुए थे। शिकायतकर्ता ने सवाल उठाया कि इन निर्माणों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई की गई, क्या संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए तथा अवैध कब्जे हटाने के लिए क्या कदम उठाए गए।राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने कलेक्टर से मांग की है कि नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) एवं डैम प्रभारी को निर्देशित कर शासकीय भूमि पर अवैध खेती और अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।







