नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा विभिन्न विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 26 और 27 के अंतर्गत कमल चौक से ग्वालटोली तक लगभग 64 लाख रुपए की लागत से सड़क चौड़ीकरण एवं डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है। निर्माणाधीन सड़क का शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने लोक निर्माण सभापति मनोहर मोटवानी, एल्डरमैन अरुणा तलरेजा तथा क्षेत्रवासियों के साथ निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान चोपड़ा ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और संबंधित ठेकेदार एवं कर्मचारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए नपा अध्यक्ष, लोक निर्माण सभापति, एल्डरमैन तथा स्वच्छता निरीक्षक भरत सिंह भारद्वाज का केसरिया उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।जानकारी के अनुसार कमल चौक से महेश सर्कल, गायत्री मंदिर, टीवीएस शोरूम चौराहा, निरोगधाम पुलिया होते हुए ग्वालटोली मार्ग तक लगभग 1300 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। सड़क दोनों ओर सात-सात फीट चौड़ी की जा रही है, जिससे यह मार्ग शहर की प्रमुख और आकर्षक सड़कों में शामिल होगा।निरीक्षण के दौरान चोपड़ा ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कुछ दुकानदारों से सड़क निर्माण में बाधा बन रहे सामान को पीछे हटाकर सहयोग करने का आग्रह किया। चोपड़ा ने बताया कि नगर पालिका द्वारा महानगरों की तर्ज पर शहर में चौड़ी और सुव्यवस्थित सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इससे यातायात सुगम होगा, शहर की सुंदरता बढ़ेगी और स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि एक ही परियोजना से शहर को बेहतर यातायात, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता जैसे तीन महत्वपूर्ण लाभ प्राप्त होंगे। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका इंजीनियर दीपक मुवेल, लोक निर्माण लिपिक अर्जुन राठौड़ सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।







