नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। लखेरा समाज द्वारा प्रदेश में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की कामना के साथ रविवार को भव्य धार्मिक आयोजन एवं चल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, हवन एवं भोग अर्पण कर समाज एवं प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की गई।समाजजनों ने बताया कि लखेरा समाज प्राचीन काल से ही अच्छी वर्षा और जनकल्याण की कामना को लेकर धार्मिक आयोजन करता आ रहा है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी माता रानी का भव्य चल समारोह निकाला गया। आयोजन के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण मित्र मंडल द्वारा पौधरोपण भी किया गया। पर्यावरण मित्र मंडल के अध्यक्ष किशोर बागड़ी के नेतृत्व में लगाए गए पौधों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मंदिर परिसर स्थित नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि यह हॉल सर्व समाज के लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेगा,जिससे सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।
रमेश बागड़ी ने बताया कि आयोजन के माध्यम से समाज द्वारा प्रदेश में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई है। वहीं मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष किशोर चौहान ने बताया कि देवनारायण महामंडलेश्वर जी की जयंती के अवसर पर शोभायात्रा निकाली जा रही है तथा चेना माता-कुशला माता मंदिर परिसर में यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि माता रानी का यह चल समारोह पिछले लगभग 40 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है।
चल समारोह स्कीम नंबर-9 स्थित लखेरा समाज मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
लखेरा समाज ने निकाला भव्य चल समारोह, हॉल का लोकार्पण एवं पौधरोपण सम्पन्न







