Ads Slider

केसरिया पताकाओं और भजनों की गूंज के बीच निकली भोलेनाथ की दिव्य बारात, शिवमय हुआ इंदिरा नगर

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेंद्र उपाध्याय। इंदिरा नगर गुरुवार रात पूरी तरह शिवमय नजर आया, जब श्री भोलेनाथ सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य शिवमहा पुराण कथा के चौथे दिवस पर भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग के अवसर पर दिव्य एवं अनूठी शिव बारात निकाली गई। बैंड-बाजों,डीजे,ढोल-नगाड़ों, घोड़ी-बग्घी और केसरिया पताकाओं के साथ निकली इस भव्य बारात ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। बारात में सैकड़ों की संख्या में मातृशक्ति,युवक-युवतियां और बच्चे नाचते-गाते शामिल हुए।शिव बारात का शुभारंभ श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर एवं श्री रामेश्वर महादेव चमत्कारी बालाजी मंदिर से हुआ।भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बारात इंदिरा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कथा स्थल पहुंची। इस दौरान “सज रहे भोले बाबा निराले चोले में…”, “भोले को कैसे मनाऊं रे…” और “बजवा दिया बजरंग बाला ने…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते और थिरकते नजर आए।बारात में देवताओं,ऋषि-मुनियों, शिवगणों,भूत-प्रेत और राक्षसों के स्वरूप धारण किए कलाकारों ने विशेष आकर्षण बिखेरा। शिव भक्तों की आस्था और उत्साह ऐसा था कि पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह क्षेत्रवासियों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई।कथा स्थल पहुंचने पर श्री भोलेनाथ सेवा समिति द्वारा शिव बारात का भव्य स्वागत किया गया। सभी बारातियों का साफा, उपर्णा और पुष्पहार पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का दिव्य विवाह संपन्न हुआ। कथावाचक पंडित राजेंद्र पुरोहित ने मधुर भजनों और कथा वाचन से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तजन भक्ति रस में डूबकर देर रात तक झूमते रहे।विवाह प्रसंग के दौरान श्रद्धालुओं ने कन्यादान के रूप में भगवान शिव और माता पार्वती को राशि भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में पहुंचे अतिथियों का भी समिति द्वारा साफा, उपर्णा एवं माला पहनाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी संतोष चोपड़ा,पंकज पाटीदार, राहुल कनेरिया, सुमित्रा-मुकेश पोरवाल, दुर्गाशंकर भील, हरगोविंद दीवान, सुरेश बैरागी, दिनेश मानवत, विकास अग्रवाल, हेमंत बैरागी, मनीष जैन, सुभाष गोपावत, कपिल लक्षकार, सागर नागदा और माणक मोदी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।भोलेनाथ की बारात को भव्य स्वरूप देने में श्री चमत्कारी बालाजी मंदिर समिति एवं श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का भी सम्मान किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए केसर लस्सी सहित स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ चतुर्थ दिवस का कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।समिति के सदस्य नंदकिशोर खूंतवाल एवं कृष्णा कंडारा ने बताया कि शुक्रवार को शिव महापुराण कथा में जालंधर प्रसंग, तुलसीजी माहात्म्य एवं बाणासुर प्रसंग का वर्णन किया जाएगा।

Share This Article