Ads Slider

ठिकरिया डेम क्षेत्र से नाबालिग लापता, फिरौती और धमकी के आरोप से बढ़ी चिंता,पीड़ितों ने एसपी के नाम सोपा आवेदन

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के ठिकरिया डेम क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है। पीड़ित पिता ने जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 20 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। जोरावरपुरा निवासी पिंटू नामक युवक पर आरोप है कि वह नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना के बाद बालिका के पिता खुमानसिंह बंजारा ने थाना नीमच सिटी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया जब परिजनों ने आरोप लगाया कि बालिका को वापस करने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही है। परिवार का कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार फोन कर न केवल पैसे की मांग की जा रही है, बल्कि जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से आरोपियों ने अपने ही घर में आग लगाकर झोपड़ी जलाने जैसी घटना को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। इस पूरे घटनाक्रम से परिजन बेहद डरे हुए हैं और बालिका की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जता रहे हैं।परिवार ने आशंका जताई है कि इस मामले में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, बालिका को शीघ्र सुरक्षित बरामद किया जाए और परिवार को आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराई जाए।

Share This Article