Ads Slider

जमुनिया कला में पाइपलाइन फूटने से पेयजल संकट,महिलाओं ने किया चक्काजाम

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के ग्राम जमुनिया कला में मंगलवार को पेयजल संकट से जूझ रही महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भाटखेड़ा से डूंगलवड़ा मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप हो गई। कई दिनों से पानी नहीं मिलने से परेशान महिलाओं ने विरोध स्वरूप सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया।ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि पाइपलाइन फूटने के बाद से ही गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर कई बार पंचायत और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्या के समाधान में हो रही देरी से नाराज महिलाओं ने आखिरकार प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने ठेकेदार और पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सागर मंथन उनका कहना था कि भीषण गर्मी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव बेहद गंभीर स्थिति है। घरों में पानी नहीं होने से दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और बच्चों व बुजुर्गों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।महिलाओं ने चेतावनी दी कि जब तक प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक चक्काजाम जारी रहेगा। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं,जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।मौके पर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम के मौके पर पहुंची ओर ग्रामीणों को समझाइश देकर मार्ग खुलवाया।

Share This Article