Ads Slider

सिंगोली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 किलो डोडाचूरा जब्त व बाइक जप्त,तस्कर फरार

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।सिंगोली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 120 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित नशा विरोधी अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर की गई सख्त निगरानी और सतत कार्रवाई का परिणाम है।पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया तथा एसडीओपी रोहित रघुवंशी के मार्गदर्शन में सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। 24 अप्रैल 2026 को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए थाना पुलिस द्वारा रतनगढ़ रोड क्षेत्र में नाकाबंदी की जा रही थी।
नाकाबंदी के दौरान एक बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया और वाहन को तेज गति से भगाने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गया।इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, जिसमें बंधे कट्टों में अवैध मादक पदार्थ भरा हुआ मिला। जांच में सामने आया कि कट्टों में कुल 120 किलोग्राम डोडाचूरा रखा हुआ था। पुलिस ने तत्काल मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि बिना नंबर की मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article