नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सिटी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया, जहां कार की टेस्ट ड्राइव के दौरान तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर कंटेनर से जा भिड़ा। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनासा निवासी मंगलदास पिता सालिगराम बैरागी उम्र 38 एवं चल्दु निवासी कारूलाल पिता भंवरलाल कारपेंटर उम्र 39, जमुनिया कला स्थित बोरदिया मोटर्स शोरूम से फोर्स गोरखा वाहन की टेस्ट ड्राइव के लिए निकले थे।दोनों वाहन की परफॉर्मेंस देखने के लिए महू-नीमच रोड की ओर गए थे। इसी दौरान भाटखेड़ा फंटे के पास तेज रफ्तार के चलते वाहन चालक संतुलन खो बैठा और सामने चल रहे कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में एक व्यक्ति का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि दूसरे का पेर भी फेक्चर हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
टेस्ट ड्राइव पर निकली कार हुई हादसे का शिकार, कंटेनर की टक्कर से दो गंभीर घायल







