Ads Slider

श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई सेन जयंती,वाहन रैली से लेकर भजन संध्या तक हुए विविध आयोजन

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिला सेन समाज संगठन द्वारा समाज के आराध्य संत श्री सेन जी महाराज की 726वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर दो दिवसीय महोत्सव के तहत धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।कार्यक्रम की शुरुआत सोमवार को विभिन्न गतिविधियों के साथ हुई। पहले दिन क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ बच्चों और महिलाओं के लिए कई रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन उत्सव का माहौल बना रहा और प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।दूसरे दिन मंगलवार की सुबह श्री नारायणी माता मंदिर से भव्य वाहन रैली निकाली गई। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकली यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्कीम क्रमांक 36 स्थित सेन वाटिका पहुंची। रैली के दौरान जगह-जगह समाजजनों द्वारा स्वागत किया गया और पूरे वातावरण में उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।इसके पश्चात महाप्रसादी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। दोपहर बाद आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के उन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर समाज का नाम रोशन किया है।कार्यक्रम के समापन अवसर पर शाम को भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहा और संत श्री सेन जी महाराज का गुणगान किया।सेन जयंती महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश सेन एवं प्रवक्ता मनीष सेन ने बताया कि सेन समाज हर वर्ष अपने आराध्य संत की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाता है। इस वर्ष भी समाज के सहयोग से विभिन्न आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहे हैं, जो समाज की एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

Share This Article