Ads Slider

नीमच में किसानों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार पर वादाखिलाफी और दमनकारी रवैये के आरोप,धरने के बाद सोपा ज्ञापन

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मध्य प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिले में गुरुवार, 9 अप्रैल को जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के नेतृत्व में किसानों के समर्थन में एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। शहर के फोर जीरो-भारत माता चौराहा पर दोपहर 12:30 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी और किसानों के प्रति दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि प्रदेश सरकार जानबूझकर गेहूं खरीदी की तारीखों को लगातार आगे बढ़ा रही है। पहले 23 मार्च से शुरू होने वाली खरीदी अब कई स्थानों पर 15 अप्रैल तक टाल दी गई है। इस देरी के कारण किसान मजबूरी में अपनी उपज 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के कम दामों पर बेचने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी तौल समय पर न होने से किसान सहकारी ऋण भी जमा नहीं कर पाए, जिसके चलते लगभग 50 प्रतिशत किसानों को ‘डिफाल्टर’ घोषित कर दिया गया है।प्रदर्शन के दौरान हाल ही में पालसोड़ा-भंवरासा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान झेलने के बावजूद किसानों को अब तक न तो उचित मुआवजा मिला है और न ही फसल बीमा की बकाया राशि का भुगतान हुआ है। इसके विपरीत प्रशासन पराली जलाने जैसे मामलों में किसानों पर सख्ती दिखाते हुए मुकदमे दर्ज कर रहा है, जिससे किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है।इसके अलावा नीमच-चीताखेड़ा-जीरन मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा गया। कांग्रेस का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग अनसुनी की जा रही है।धरने के पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा। ज्ञापन में गेहूं खरीदी तत्काल शुरू करने, डिफाल्टर किसानों को नियमित श्रेणी में बहाल करने, फसल बीमा और ओलावृष्टि मुआवजा शीघ्र देने तथा जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की गई है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी किसानों के साथ मिलकर आंदोलन को और तेज करेगी। इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती के साथ पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया,महिला कांग्रेस जिला अद्यक्ष आशा सम्भार,सेवा दल जिला अद्यक्ष,गजेंद्र यादव,ब्रजेश मित्तल,युवा कांग्रेस जिला अद्यक्ष मन्नू बना सहित बड़ी सांख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी ओर कार्यकर्ता मोजूद रहे।

Share This Article