Ads Slider

अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस का गरिमामय आयोजन, विचार गोष्ठी में गूंजे बाबा साहेब के आदर्श

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच।महेंद्र उपाध्याय। भारत के महान विधिवेत्ता, समाज सुधारक एवं संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जिलेभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में नीमच स्थित गांधी भवन में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके पश्चात एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहेब का योगदान केवल आरक्षण व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने भारतीय समाज में सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी। उन्होंने जीवनभर वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया और समाज में समानता एवं न्याय की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।इस दौरान वक्ताओं ने यह भी कहा कि आज के समय में बाबा साहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनके विचारों को पहुंचाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष ओम दीवान सहित मोनू लोक्स, बृजेश मित्तल, बृजेश सक्सेना, गजेंद्र यादव, बाबू सलीम, हारून रशीद, महेश वीरवाल और बेबी मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।

Share This Article