Ads Slider

नीमच पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 52 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त,दो तस्कर गिरफ्तार

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।प्रदेश में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक भोपाल के निर्देशानुसार जिले में लगातार नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस चौकी नयागांव (थाना जावद) एवं थाना जीरन की टीमों ने संयुक्त रूप से दो अलग-अलग प्रकरणों में करीब 52 लाख 25 हजार रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पहली कार्रवाई पुलिस चौकी नयागांव द्वारा 3 एवं 4 अप्रैल की दरमियानी रात को की गई। विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर नीमच-निम्बाहेड़ा फोरलेन हाईवे स्थित रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक हुंडई आई-20 कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 500 ग्राम एमडीएमए (एमडी) और 15 किलो डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी राजूराम (42) निवासी ग्राम बलाया,थाना मुंडवा, जिला नागौर (राजस्थान) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।दूसरी कार्रवाई थाना जीरन पुलिस द्वारा 3 अप्रैल को की गई। आवरीमाता-चीताखेड़ा रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में मोटरसाइकिल की टंकी पर रखे बैग से 2 किलो 140 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आरोपी नारायण सिंह (35) निवासी धरला, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस द्वारा जब्त किए गए माल में 500 ग्राम एमडी, 2 किलो 140 ग्राम अफीम, 15 किलो डोडाचूरा, एक हुंडई आई-20 कार एवं बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल शामिल है। दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और मादक पदार्थों के नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।इन सफल कार्रवाइयों में चौकी प्रभारी नयागांव, थाना प्रभारी जीरन सहित पूरी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा है।

Share This Article