नीमच।महेंद्र उपाध्याय। श्री पीपाजी महाराज की 703वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को नीमच शहर में भव्य एवं श्रद्धामय आयोजन संपन्न हुआ। श्री पीपा क्षत्रिय दर्जी समाज एवं नवयुवक मंडल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन,युवा,बच्चे और महिलाओ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे दिन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिससे शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः10 बजे नीमच सिटी स्थित टेडेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यहीं से एक विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल रहे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जयसिंहपुरा रोड स्थित लक्कड़ कुंड महादेव मंदिर पहुंची जहां विभन्न गतिविधियां आयोजित हुई, रैली के दौरान जयकारों और भजन-कीर्तन से वातावरण गूंज उठा, वहीं जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।लक्कड़ कुंड महादेव मंदिर परिसर में दोपहर 1 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया। इसके साथ ही युवा वर्ग के लिए 4 से 20 वर्ष आयु वर्ग तक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया और अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।शाम 4:30 बजे मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के पश्चात शाम 5 बजे महाप्रसादी का वितरण किया गया। महाप्रसादी में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, संस्कृति और धार्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी वर्गों का विशेष सहयोग रहा।







