Ads Slider

रामपुरा के खिमला पावर प्लांट में हादसा, ऊंचाई से गिरने पर मजदूर की मौत,फैक्ट्री में तोड़फोड़,पुलिस ने संभाला मोर्चा,सुरक्षा पर उठे सवाल

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के रामपुरा क्षेत्र स्थित खिमला पावर प्लांट में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एलएनटी कंपनी में कार्यरत एक मजदूर की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान एहसान उल हक के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का निवासी था और प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एहसान उल हक प्लांट की करीब छह मंजिला ऊंचाई वाली दीवार पर प्लेट ठीक करने के लिए चढ़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तुरंत सरकारी अस्पताल रामपुरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम किया जाना शेष है।सूत्रों के अनुसार, इस हादसे के पीछे सुरक्षा इंतजामों की कमी एक बड़ी वजह मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर काम किया जा रहा था, वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। यदि नीचे सुरक्षा जाली या अन्य बचाव उपाय किए गए होते, तो संभवतः मजदूर की जान बचाई जा सकती थी।
घटना के बाद प्लांट में कार्यरत अन्य मजदूरों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्लांट में सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन नहीं किया जाता और उनसे लगातार 10 से 12 घंटे तक काम लिया जाता है। उनका कहना है कि अत्यधिक काम के कारण थकान बढ़ती है, जिससे इस तरह के हादसों की संभावना भी बढ़ जाती है।हादसे के विरोध में मजदूरों तोड़फोड़ भी की ओर हड़ताल शुरू कर दी है साथ ही प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Share This Article