नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। जिले के ग्राम रूपपुरा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कुंदन पिता शिवलाल (7 वर्ष), निवासी ढोलपुरा, गर्मी की छुट्टियों के चलते कुछ दिन पहले अपनी मौसी के घर ग्राम रूपपुरा आया हुआ था। शनिवार शाम करीब 4 बजे वह गांव में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह गांव के तालाब के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि अचानक उसका पैर फिसल गया और वह सीधे तालाब में जा गिरा। गहराई अधिक होने के कारण मासूम पानी में डूब गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब में एक चप्पल तैरती दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों और गांव के लोगों ने तत्काल तालाब में बच्चे की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने कुंदन को तालाब से बाहर निकाला। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। रविवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







