नीमच। महेंद्र उपाध्याय। कांग्रेस सेवादल जिला नीमच द्वारा आयोजित 13 दिवसीय फुटबॉल प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को स्थानीय राजेंद्र प्रसाद स्टेडियम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच समापन हुआ। शिविर में जिलेभर से आए लगभग 100 बच्चों ने भाग लेकर फुटबॉल खेल की तकनीकी बारीकियां सीखीं तथा खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया।समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों को अतिथियों द्वारा टी-शर्ट वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं,बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त साधन भी है। उन्होंने कहा कि नीमच में फुटबॉल को पुनः गौरवशाली पहचान दिलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर के दौरान बच्चों को प्रशिक्षित कोच मयंक सैनी, प्रमोद शर्मा और मटरू सैनी द्वारा नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया गया। खिलाड़ियों को फुटबॉल की तकनीकी जानकारी,फिटनेस,मैदान पर तालमेल और खेल रणनीतियों का अभ्यास कराया गया। सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्रसिंह यादव ने बताया कि प्रशिक्षण के साथ बच्चों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा गया तथा उन्हें पौष्टिक आहार के रूप में भीगे हुए चने, मूंगफली और केले उपलब्ध कराए गए।कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने राजीव गांधी के युवाओं और खेलों के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश को आधुनिक सोच और नई दिशा देने का कार्य किया।समारोह में धर्मगुरु पंडित जयप्रकाश शास्त्री, फादर विनोद महिड़ा और शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी की उपस्थिति ने सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. सम्पत स्वरूप जाजू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया,रिंकू राठौर, आशा सांभर,चंद्रशेखर शर्मा, चंद्रशेखर पालीवाल, कैलाश राठौड़, बेबी मेहरा और ओमप्रकाश राव सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वी सिंह वर्मा ने किया।







