नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नीमच सिटी में एक भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया, जिसमें छतरपुर से पधारे आदित्य महाराज जी के सान्निध्य में 11 हजार हवन आहुतियां एवं 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। यह आयोजन रविवार, 19 अप्रैल को प्रातः 9:30 बजे से श्री टेड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर, खेड़ी मोहल्ला, नीमच सिटी में सम्पन्न हुआ।मित्र मंडल के सदस्य राजू वैद्य ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में बालाजी महाराज हनुमान जी के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हवन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुतियां अर्पित कीं। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा “जय श्री राम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।उन्होंने बताया कि यह धार्मिक अनुष्ठान जगदगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज के शिष्य एवं बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के शिष्य आदित्य महाराज जी (छतरपुर) के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक वातावरण को सुदृढ़ करना और भक्तों में आध्यात्मिक चेतना का संचार करना रहा।इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर धर्मलाभ प्राप्त किया। श्रद्धालुओं के लिए समस्त व्यवस्थाएं निःशुल्क रखी गई थीं,जिससे हर वर्ग के लोग इसमें सहभागी बन सके।कार्यक्रम का सफल आयोजन श्री टेड़ेश्वर महादेव मित्र मंडल, नीमच सिटी द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी सद्भाव, एकता तथा धार्मिक आस्था को मजबूती मिलती है।







