Ads Slider

जेठ-जेठानी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार,पत्थर मारकर सिर फोड़ा,कार्रवाई नहीं होने से भय में जी रहा परिवार

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमावली जागीर की एक महिला ने अपने जेठ और जेठानी पर मारपीट, गाली-गलौज तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।पीड़िता गीता बाई मीणा ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि 5 जून को उनके जेठ शोभाराम मीणा शराब के नशे में घर पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने लगे। महिला का कहना है कि अगले दिन जब उन्होंने इस व्यवहार का विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया।आवेदन के अनुसार 6 जून को शोभाराम मीणा और उनकी पत्नी कंचन मीणा ने मिलकर गीता बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शोभाराम मीणा ने पत्थर उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजन घायल महिला को तत्काल जीरन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया।पीड़िता का आरोप है कि घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कराने और मेडिकल परीक्षण होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है, जिससे परिवार के सदस्य भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।गीता बाई मीणा ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share This Article