Ads Slider

अरनिया कुमार में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अखाद्य रसायनों से भरी फर्म सील,मिलावटखोरों पर सख्ती जारी

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले में मिलावटखोरों और मानव स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने ग्राम अरनिया कुमार स्थित एक फर्म पर औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अखाद्य और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रासायनिक पदार्थ मिलने के बाद फर्म को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।जानकारी के अनुसार प्रशासनिक टीम ने पंकज कुमार-नीरज कुमार की फर्म का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में अखाद्य सल्फर, हाइड्रा सहित कई ऐसे रासायनिक पदार्थ पाए गए, जिनका उपयोग खाद्य पदार्थों में किया जाना मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध पाए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को सील करने का निर्णय लिया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने फर्म में रखे गए रसायनों, भंडारण व्यवस्था और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की। अधिकारियों ने पाया कि परिसर में मौजूद कुछ रासायनिक पदार्थों के उपयोग और भंडारण को लेकर गंभीर अनियमितताओं की आशंका है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए टीम ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए फर्म को सील कर दिया।इस कार्रवाई में एसडीएम नीमच संजीव साहू, तहसीलदार नीमच नगर संजय मालवीय तथा राजस्व व खाद्य विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी एकत्रित की।कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट, अखाद्य रसायनों का अवैध भंडारण और विक्रय करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर मिलावट, नकली सामग्री या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें।तहसीलदार संजय मालवीय ने बताया कि जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी,ताकि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता न हो।

Share This Article