Ads Slider

आउटसोर्स कर्मचारियों को 3 माह से नही मिला वेतन, भुगतान की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में कार्यरत आउटसोर्स कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं एमटीएस कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को लेकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों ने बताया कि वे उपस्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र(सीएचसी) तथा जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें जनवरी 2026 से अब तक का वेतन प्राप्त नहीं हुआ है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 21 अप्रैल 2026 तक भी वेतन का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कई कर्मचारियों ने बताया कि परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि वेतन भुगतान के संबंध में जिला लेखा प्रबंधक से कई बार व्यक्तिगत रूप से मिलकर एवं दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार उन्हें अलग-अलग कारण बताकर टाल दिया गया। वहीं संबंधित आउटसोर्स कंपनी की ओर से भी स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।ज्ञापन में कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र वेतन भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।इस दौरान बड़ी संख्या में आउटसोर्स कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं एमटीएस कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी समस्याएं रखीं और त्वरित निराकरण की अपेक्षा जताई।

Share This Article