नीमच,।महेन्द्र उपाध्याय। जिला मुख्यालय नीमच में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट रविवार को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस परीक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। दोनों परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते पूरा आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ।इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 900 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 879 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।



इस प्रकार कुल उपस्थिति 97.66 प्रतिशत दर्ज की गई, जो कि बेहतर प्रबंधन और परीक्षार्थियों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ प्रशासन की सख्ती भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली।केंद्रवार उपस्थिति की बात करें तो स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में 480 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 471 उपस्थित रहे। वहीं, श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय, नीमच में 420 में से 408 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दोनों ही केंद्रों पर परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित हुई।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक पेन और पेपर मोड में आयोजित की गई। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने मिलकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की। अभ्यर्थियों की जांच के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था की गई थी, जिसमें प्रवेश से पहले सघन तलाशी और पहचान सत्यापन शामिल रहा।परीक्षा संचालन के लिए अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश को नोडल अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर चन्द्रसिंह धारवे को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों ने पूरे आयोजन पर सतत निगरानी रखी और सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रियल ड्यूटी के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा निर्बाध विद्युत आपूर्ति, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई गईं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।पूरे परीक्षा आयोजन के दौरान किसी भी केंद्र से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली,जो प्रशासन की मुस्तैदी और बेहतर समन्वय का परिणाम है। परीक्षा के सफल आयोजन पर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकी,जो जिले के लिए एक सकारात्मक संदेश है।







