नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता पहुंचाने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को नीमच बस स्टैंड पर विशेष अभियान चलाया गया। जिला परिवहन अधिकारी नंदलाल घामड़ के नेतृत्व में प्राइवेट बसों पर ‘राह-वीर योजना’ के पंपलेट चिपकाए गए। सागर मंथन इस दौरान परिवहन अधिकारी सुमित चौहान,नगर सैनिक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।अभियान के दौरान बसों पर लगाए गए पंपलेट के माध्यम से यात्रियों और आम नागरिकों को योजना की जानकारी दी गई। पोस्टर में बताया गया है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को यदि कोई नागरिक एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाता है,तो उसे ‘राह-वीर’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। सागर मंथन साथ ही ऐसे मददगार को 25 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा। इसके अलावा श्रेष्ठ ‘राह-वीरों’ को राष्ट्रीय स्तर पर एक लाख रुपये तक का पुरस्कार भी प्रदान किए जाने का प्रावधान है।पोस्टर में यह भी उल्लेख है कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति के उपचार के लिए ‘कैशलेस इलाज योजना 2025’ के तहत 1.5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज या अधिकतम 7 दिनों तक मुफ्त उपचार की सुविधा दी जाएगी। इससे घायलों को तत्काल इलाज मिल सकेगा और आर्थिक बोझ भी कम होगा।अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आमजन में मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देना और दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाने के लिए प्रेरित करना है। बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर पंपलेट चिपकाने से अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचेगी।परिवहन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दुर्घटना के समय आगे आकर घायलों की मदद करें और ‘राह-वीर’ बनकर समाज में मिसाल पेश करें।







