नीमच,।महेन्द्र उपाध्याय। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय समारोह सह हितलाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जावद क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने अपना पूरा जीवन शिक्षा, समानता, भाईचारे और मानवता के लिए समर्पित किया। उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार आज भी सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं के समाधान में मार्गदर्शन करते हैं।समारोह में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, वंदना खंडेलवाल, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव भी मंचासीन रहे। सखलेचा ने बताया कि नीमच में डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित है, वहीं सिंगोली में भी प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है और रतनगढ़ में स्थापना की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।विधायक परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अम्बेडकर बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अर्थशास्त्र, राजनीति, कानून, दर्शन और समाजशास्त्र का गहन अध्ययन किया और विदेशों में शिक्षा प्राप्त कर देश और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके द्वारा रचित संविधान ने देशवासियों को मौलिक अधिकार और कर्तव्य प्रदान किए।परिहार ने जानकारी दी कि नीमच में 5 करोड़ रुपए की लागत से एक नवीन छात्रावास को स्वीकृति मिली है। साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे उनके विकास को गति मिल रही है।कार्यक्रम के दौरान डॉ.भीमराव अम्बेडकर स्वरोजगार योजना,बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, अम्बेडकर कामधेनु योजना और संत रविदास स्वरोजगार योजना के तहत 8हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया।समारोह में सांदीपनि विद्यालय नीमच के छात्र-छात्राओं ने डॉ. अम्बेडकर के बाल जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।महाविद्यालयीन छात्रावास की छात्राओं ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम का संचालन अरुण सोलंकी ने किया, जबकि अंत में जिला संयोजक राकेश राठौर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







