नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। इंदिरा ज्योति यात्रा एवं “चलें रामराज्य की ओर” संकल्प यात्रा रविवार को नीमच आगमन पर गांधी भवन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सम्यक अभियान प्रमुख, लेखक एवं विचारक भास्कर राव रोकड़े ने दोनों अभियानों की विस्तृत जानकारी देते हुए इनके उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला।प्रेस वार्ता में रोकड़े ने कहा कि 12 जुलाई 2024 को भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” घोषित करने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार शुरू हुआ। इसके जवाब में सम्यक अभियान के माध्यम से उनके कार्यों, विचारों और क्रांतिकारी निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इसी कड़ी में देश के प्रमुख शहरों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर अभियान को गति दी गई।उन्होंने बताया कि 19 नवंबर 2024 को ग्वालियर में इंदिरा गांधी की जयंती पर चार वर्षीय इंदिरा ज्योति अभियान की शुरुआत की गई, जिसे “सृजन वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। वर्षभर में 108 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका समापन भोपाल में राष्ट्रीय स्तर के समारोह के रूप में हुआ,जिसमें कांग्रेस नेता पवन खेड़ा भी शामिल हुए।रोकड़े ने जानकारी दी कि 6 जनवरी 2026 को महात्मा गांधी द्वारा असहयोग आंदोलन की शुरुआत वाले ऐतिहासिक स्थल छिंदवाड़ा के चिटनिस गंज से इंदिरा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। महाकौशल क्षेत्र के बाद यह यात्रा इंदौर होते हुए अब मालवा-निमाड़ और चंबल क्षेत्रों में पहुंच रही है। इसी क्रम में आज यह यात्रा नीमच पहुंची है,जहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।“चलें रामराज्य की ओर” अभियान के बारे में उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत 19 नवंबर 2025 को भोपाल में की गई थी, जिसका उद्देश्य महात्मा गांधी की रामराज्य की अवधारणा को व्यवहारिक रूप देना है। उन्होंने रामराज्य की परिभाषा बताते हुए कहा कि यह ऐसा राज्य है जहां भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव का स्थान न हो तथा सभी को समान न्याय मिले।रोकड़े ने बताया कि सम्यक अभियान 2 मई 2022 को रीवा से शुरू हुआ था,जिसमें बेरोजगार युवाओं को रोजगार, निजी क्षेत्र में श्रमिकों के अधिकार, आउटसोर्सिंग पर रोक, कृषि सुधार सहित नौ प्रमुख मुद्दों को शामिल किया गया है। वर्तमान में इस अभियान से बड़ी संख्या में युवा,महिलाएं और किसान जुड़ चुके हैं।प्रेस वार्ता में नीमच महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, सेवादल जिला अध्यक्ष गजेंद्र यादव सहित स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।बताया गया कि यात्रा का प्रथम चरण 31 मई को सागर में समाप्त होगा, जिसके बाद जिले में स्थानीय स्तर पर यात्रा का विस्तार किया जाएगा।







