नीमच।महेंद्र उपाध्याय। जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 108 एम्बुलेंस सेवा के तहत पायलट (चालक) एवं ईएमटी (आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियन) पदों के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। यह साक्षात्कार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) परिसर मैदान, नीमच में आयोजित किया गया, सागर मंथन जहां दो दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।इस भर्ती प्रक्रिया का आयोजन मुख्य कार्यालय के मानव संसाधन सदस्य प्रदीप कुशवाहा एवं जिला प्रबंधक अंशु देव के नेतृत्व में किया गया। दोनों अधिकारियों की देखरेख में पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के आधार पर उनका मूल्यांकन किया गया।सागर मंथन पायलट (चालक) पद के लिए ऐसे अभ्यर्थियों को अवसर दिया गया, जिन्होंने कम से कम 10वीं तक शिक्षा प्राप्त की हो या असफल रहे हों, लेकिन उनके पास हल्के या भारी वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य था। वहीं ईएमटी पद के लिए विज्ञान वर्ग से स्नातक, नर्सिंग, फार्मेसी, प्रयोगशाला तकनीशियन सहित संबंधित पाठ्यक्रमों में योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इसके साथ ही आपातकालीन चिकित्सा से जुड़े प्रमाण पत्र भी आवश्यक रखे गए थे।साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी युवा इस अवसर का लाभ उठाने पहुंचे। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की व्यवहारिक समझ, त्वरित निर्णय क्षमता एवं आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने की योग्यता को विशेष रूप से परखा गया।संस्था द्वारा पहले ही स्पष्ट किया गया था कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी रहेगी, जिसका पालन आयोजन के दौरान देखने को मिला। इस पहल से जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जिससे आमजन को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।







