Ads Slider

फर्जी लीज बनाकर दुकान हड़पने की कोशिश नाकाम,कोर्ट के आदेश पर खाली हुआ कब्जा;आरोपी पर जालसाजी का प्रकरण दर्ज

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सिटी थाना क्षेत्र के नया बाजार इलाके में एक दुकान पर अवैध कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है, जिसमें किराएदार द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर मालिकाना हक जताने की कोशिश की गई। मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को न्यायिक अमले की मौजूदगी में दुकान खाली कराकर वास्तविक मालिक को कब्जा सौंप दिया गया। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने के आरोप में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।दुकान मालिक अजय एरन ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2001 में उनके पिता अशोक एरन ने घर के नीचे मुख्य मार्ग स्थित दुकान नंदकिशोर राठौर को किराए पर दी थी। प्रारंभिक समय में किराया नियमित रूप से दिया गया, लेकिन बाद में किराएदार ने भुगतान में टालमटोल शुरू कर दी और धीरे-धीरे दुकान पर कब्जा जमाने की मंशा से विवाद खड़ा कर दिया। इस पर काफी से समझाइश के बाद वर्ष 2019 में न्यायालय में वाद दायर किया गया,जिसका निर्णय वर्ष 2024 में मालिक के पक्ष में आया।इस दोरान नंदकिशोर द्वारा की गई अपील भी खारिज हो गई।इसके बावजूद विवाद समाप्त नहीं हुआ। इसी बीच नंदकिशोर के भतीजे सुनील राठौर ने कथित रूप से 21 वर्ष की फर्जी लीज तैयार कर स्वयं को वैध कब्जाधारी बताने का प्रयास किया। इस फर्जी दस्तावेज को आधार बनाकर दुकान पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश की गई, जिसे लेकर पुनः न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय ने 6 मार्च 2026 को आदेश जारी करते हुए उक्त लीज को अवैध मानते हुए कब्जा खाली करने के निर्देश दिए।मंगलवार को न्यायालय के आदेश के पालन में न्यायिक कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए दुकान को खाली कराया गया। इसके बाद दुकान का कब्जा मालिक अजय एरन जितेंद्र एरन व उनके परिवार को सौंप दिया गया।अजय एरन ने सागर मंथन को बताया कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी सुनील राठौर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

Share This Article