Ads Slider

नेहरू की 62 वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस का श्रद्धांजलि कार्यक्रम: गांधी भवन में किया नमन, आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 62 वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को जिला कांग्रेस एवं शहर ब्लॉक कांग्रेस द्वारा गांधी भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर भी उन्हें याद किया गया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने कई वर्ष जेल में बिताए और देश को आजादी दिलाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ तब भारत अनेक चुनौतियों से जूझ रहा था। विभाजन का दर्द, संसाधनों की कमी और आर्थिक संकट जैसी परिस्थितियों के बावजूद नेहरू जी ने देश को मजबूत दिशा देने का काम किया।
तरुण बाहेती ने कहा कि नेहरू जी ने देश में बड़े बांध, उद्योग और विकास परियोजनाओं की नींव रखी। उन्होंने गुटनिरपेक्ष आंदोलन के माध्यम से विश्व पटल पर भारत की अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि नीमच और आसपास के क्षेत्र को भी नेहरू जी की दूरदृष्टि का लाभ मिला। गांधी सागर डेम और चंबल परियोजना जैसी योजनाएं उनकी देन हैं, जिनसे आज लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।वहीं शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मोनु लोक्स ने बताया कि गांधी भवन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने नेहरू जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि नेहरू जी बच्चों से बेहद प्रेम करते थे, इसलिए उनके जन्मदिन को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।मोनु लोक्स ने कहा कि देश की आजादी के समय भारत संसाधनों के मामले में बेहद कमजोर था, लेकिन नेहरू जी के नेतृत्व में देश ने औद्योगिक, वैज्ञानिक और विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेहरू जी के आदर्श आज भी देश के लिए प्रेरणा हैं और आने वाली पीढ़ियों को उनसे सीख लेने की आवश्यकता है।

Share This Article