नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम मेलकी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार हरि सिंह गुर्जर, पिता भेरूलाल गुर्जर, रविवार शाम करीब 6 बजे अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही अचेत हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल नीमच जिला अस्पताल लेकर गए।अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सोमवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







