नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जिले में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पूरी तरह छीन लीं। तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही कार की टक्कर में पहले 6 वर्षीय मासूम की जान गई, और अब उपचार के दौरान उसकी मां ने भी दम तोड़ दिया। पिता अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार मुकेश मेघवाल (40 वर्ष) निवासी ग्राम चल्दु अपनी पत्नी कुसुम और 6 वर्षीय पुत्र नक्श के साथ बुधवार सुबह ग्राम पालसोड़ा एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चल्दु छोटी पुलिया क्रॉसिंग पर मंदसौर की ओर से आ रही अर्टिगा कार (क्रमांक एमएच 39 एबी 0662) के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि मासूम नक्श की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश और उनकी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गए थे दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया था। जहां गुरुवार सुबह कुसुम ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पिता मुकेश मेघवाल अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने सरपंच महेंद्र सिंह शक्तावत के नेतृत्व में हाइवे जाम कर प्रदर्शन किया। गुरुवार को कुसुम का शव नीमच लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।







