नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा के पास रविवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है इस हादसे में 23 वर्षीय युवक शुभम माली की मौके से अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम पिता जगदीश माली, निवासी तारापुर एवं वर्तमान में नीमच सिटी के चौधरी मोहल्ला में रह रहा था। रविवार को वह किसी कार्य से जावद गया हुआ था और शाम करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल से वापस नीमच लौट रहा था। इसी दौरान सुवाखेड़ा गांव के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।हादसा इतना भयावह था कि शुभम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। घटना स्थल सुनसान क्षेत्र में होने के कारण उसे तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती चली गई। कुछ समय बाद सुवाखेड़ा की नई आबादी के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी।
ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को आनन-फानन में जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
सुवाखेड़ा के पास दर्दनाक सड़क हादसा: मदद के इंतजार में तड़पता रहा युवक, अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम







