नीमच। महेंद्र उपाध्याय। भीषण गर्मी के बीच जहां एक ओर शहरवासी पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर फव्वारा चौक पर मंगलवार को नगर पालिका कर्मि की बड़ी लापरवाही सामने आई। विधायक निधि से प्राप्त शुद्ध शीतल जल फिल्टर्ड मोबाइल प्योरीफायर एंड कूलिंग वाटर टैंकर में ऐसे कुएं का पानी भरा गया, जिसे स्थानीय लोग पीने योग्य नहीं बता रहे हैं। इतना ही नहीं, टैंकर भरने के बाद उसे धोने के नाम पर हजारों गैलन पानी सड़कों पर बहा दिया गया, जिससे मौके पर मौजूद लोग भड़क उठे।जानकारी के अनुसार उक्त वाटर टैंकर लंबे समय से जिला अस्पताल परिसर में खड़ा था और अब इसका उपयोग किया जा रहा है। इधर शहर में पानी की समस्या लगातार गहराती जा रही है। आम नागरिक महंगे दामों पर निजी टैंकर मंगाने को मजबूर हैं, जबकि नगर पालिका में भी टैंकर बुकिंग दो-दो दिन बाद मिल रही है। ऐसे हालात में पानी की इस तरह बर्बादी ने लोगों में नाराजगी पैदा कर दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब आसपास के लोगों ने टैंकर चालक और कर्मचारि को पानी बहाने से रोका, तो चालक ने तीखे अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि “यह टैंकर विधायक जी का है, चाहे जितना पानी ढोलें।” इस बयान के बाद मौके पर मौजूद लोगों में और आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना था कि टैंकर विधायक निधि से जरूर मिला है, लेकिन वह सार्वजनिक उपयोग के लिए है, किसी की निजी संपत्ति नहीं।घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने इस घटना के फोटो अपने मोबाइल में खिंच लिया, जो अब सोशल मीडिया और मीडिया जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। नागरिकों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक निधि के वाटर टैंकर में भरा गया दूषित पानी, हजारों गैलन पानी बहाने पर भड़के लोग







