नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।शहर के प्रमुख एवं व्यस्त क्षेत्रों में शामिल गांधी भवन चौराहे पर पर्यावरण से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन के सामने स्थित एक जीवित एवं हरे-भरे वृक्ष को रसायन डालकर सूखा दिए जाने के आरोप में जिला कलेक्टर से शिकायत की गई है। मामले को लेकर शहर में पर्यावरण संरक्षण और पेड़ों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक अवध शर्मा ने जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया कि निर्माणाधीन भवन के सामने खड़े एक वृक्ष को सुनियोजित तरीके से नुकसान पहुंचाया गया। शिकायत में कहा गया है कि पेड़ के तने में ड्रिल से छेद कर उसमें एसिड या अन्य घातक रसायन डाला गया, जिसके चलते कुछ ही समय में हरा-भरा वृक्ष पूरी तरह सूख गया।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध प्रतीत हो रही है। स्थानीय रहवासियों के हवाले से शिकायत में दावा किया गया कि निर्माण स्थल पर कार्यरत एक मजदूर ने स्वीकार किया कि उसे वरिष्ठ के निर्देश पर पेड़ में रसायन डालने के लिए कहा गया था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।आवेदक ने मामले को पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत गंभीर अपराध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संबंधित निर्माणा धिन बिल्डर एवं दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा सूखे वृक्ष के स्थान पर नए पौधे लगाने की मांग भी की गई है।मामले के सामने आने के बाद शहर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिम्मेदारी और जागरूकता पर भी सवाल उठने लगे हैं।







