नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच जिले स्थित सीआरपीएफ परिसर में प्रमोशन कोर्स के लिए आए एक हेड कांस्टेबल चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद सीआरपीएफ परिसर एवं जिला चिकित्सालय में शोक का माहौल व्याप्त हो गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद शव विभाग को सोपा गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान एन रेघु पिता नील कुंदन उम्र 57 वर्ष निवासी एजम कुल्लन, केरला के रूप में हुई है। वे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में हेड कांस्टेबल चालक के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि वे नीमच स्थित सीआरपीएफ परिसर में आयोजित प्रमोशन कोर्स में भाग लेने के लिए आए हुए थे।जानकारी के मुताबिक मंगलवार तड़के करीब 3:45 बजे उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथियों द्वारा तत्काल उन्हें सीआरपीएफ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया। जिला चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद सीआरपीएफ अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। बुधवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक स्वास्थ्य खराब होना बताया जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।घटना के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सीआरपीएफ के जवानों एवं अधिकारियों ने साथी जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।







