Ads Slider

सार्वजनिक टिन शेड को लेकर मेघवाल समाज में विवाद,आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई ओर झूठी शिकायत में जाँच की मांग,

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जिले की मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम खजूरी में मेघवाल समाज की सार्वजनिक संपत्ति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में समाजजन जिला जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपकर झूठी शिकायत,अभद्र व्यवहार एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर कार्रवाई की मांग की।समाजजनों ने आवेदन में बताया कि गांव में समाज के सहयोग से विवाह, मौसर और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए एक सार्वजनिक टिन शेड का निर्माण कराया गया था, जिसका उपयोग लंबे समय से समाज के लोग करते आ रहे हैं। आरोप लगाया गया कि चेनराम मेघवाल, सीमा मेघवाल और रूपलक्ष्मी मेघवाल द्वारा समाज के लोगों को वहां बैठने और कार्यक्रम आयोजित करने से रोका जा रहा है। विरोध करने पर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक और फर्जी वीडियो प्रसारित कर समाज को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। समाजजनों का कहना है कि इन वीडियो के आधार पर पुलिस थाना मनासा में शिकायत दर्ज कराई गई,जिससे समाज के कई लोगों को कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं।समाज ने आरोप लगाया कि चेनराम मेघवाल एवं अन्य संबंधित लोगों द्वारा सार्वजनिक कुएं में गंदगी डालकर पानी को दूषित किया जा रहा है तथा सार्वजनिक भूमि पर अवैध हस्तक्षेप कर रास्ता निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इससे गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया है।मेघवाल समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर चेनराम मेघवाल,सीमा मेघवाल,रूपलक्ष्मी मेघवाल सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share This Article