नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के समीपस्थ ग्राम डुंगलावदा में घनी आबादी के बीच लगाए जा रहे 132 केवी हाई वोल्टेज विद्युत पोल को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर विद्युत पोल को आबादी क्षेत्र से हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने की मांग की।ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि गांव के रहवासी क्षेत्र के बीच से हाई वोल्टेज विद्युत लाइन निकाली जा रही है और इसके लिए नए पोल लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इतनी उच्च क्षमता की विद्युत लाइन आबादी के बीच से गुजरने पर किसी भी समय गंभीर हादसा हो सकता है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है।ग्रामीणों के अनुसार बरसात के मौसम में गांव के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। ऐसे में हाई वोल्टेज लाइन और पोल लोगों के लिए और अधिक खतरनाक साबित हो सकते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि तेज बारिश, आंधी या तकनीकी खराबी की स्थिति में करंट फैलने जैसी घटनाएं जनहानि का कारण बन सकती हैं।ग्रामीणों ने यह भी कहा कि आने वाले वर्षों में गांव की आबादी और बढ़ेगी, जिससे जोखिम लगातार बढ़ता जाएगा।इस संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत को भी आवेदन देकर आपत्ति दर्ज कराई गई थी,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 132 केवी हाई वोल्टेज लाइन के पोल को आबादी क्षेत्र से हटाकर गांव के बाहर सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।







