नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के महेश सर्कल के समीप स्थित प्रसिद्ध श्री शनि मंदिर में न्याय के देवता भगवान श्री शनि महाराज का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत शुक्रवार से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर धर्म लाभ लिया। आयोजन के पहले दिन मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

मंदिर के पुजारी राधेश्याम जोशी एवं सह पुजारी ईश्वर सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भगवान शनि देव का जन्मोत्सव विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शनिवार 16 मई को जन्मोत्सव के मुख्य आयोजन संपन्न होंगे, जिनमें सुबह 7 बजे से भगवान श्री शनि महाराज का अभिषेक, हवन, विशेष श्रृंगार एवं मंदिर शिखर पर ध्वजा अर्पण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना भी आयोजित की जाएगी।मंदिर समिति के अनुसार जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा और मनमोहक झांकियों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शनिवार शाम 7 बजे ढोल-ढमाकों और भक्ति संगीत के बीच भगवान श्री शनि महाराज की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।इसके पश्चात रात्रि 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा।भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राजू राजस्थानी एवं भगवत सुथार भगवान श्री शनि महाराज के भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।







