Ads Slider

नीमच में गूंजे “हारे का सहारा”के जयकारे,खाटू श्याम यात्रा का भव्य स्वागत

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। इंदौर विधानसभा तीन के विधायक गोलू शुक्ला द्वारा आयोजित पांचवीं विशाल धार्मिक यात्रा शनिवार शाम नीमच पहुंची,जहां इसका भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इंदौर से राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना हुई यह विशेष ट्रेन जैसे ही नीमच रेलवे स्टेशन पर रुकी,पूरा परिसर “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और श्याम भक्तों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर यात्रियों और विधायक शुक्ला का आत्मीय स्वागत किया। नीमच खाटू श्याम मंदिर के मुख्य पुजारी गोपाल शर्मा एवं नगरपालिका सभापति नीरज अहीर सहित कई जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पहारों से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच पूरे स्टेशन पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।स्वागत करने पहुंचे लोगों ने यात्रियों की सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की। इस दौरान विधायक गोलू शुक्ला ने बताया कि वे क्षेत्र की खुशहाली और जनकल्याण के उद्देश्य से पिछले पांच वर्षों से इस धार्मिक यात्रा का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके साथ बाबा श्याम के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह विशेष ट्रेन देर रात राजस्थान के रिंगस स्टेशन पहुंचेगी। वहां से सभी श्रद्धालु पैदल और अन्य साधनों के माध्यम से खाटू श्याम जी के मुख्य दरबार की ओर प्रस्थान करेंगे। सोमवार सुबह सभी श्रद्धालु विधि-विधान से बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर दर्शन का पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला, जिससे यह यात्रा एक भव्य धार्मिक आयोजन के रूप में सामने आई।

Share This Article