नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में कुचबंदिया गिहारा समाज द्वारा आराध्य देवी माता महारानी मरी माता का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव श्रद्धा,भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 29 एवं 30 अप्रैल को आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने पूरे शहर में आध्यात्मिक वातावरण का संचार कर दिया है। समाजजनों में उत्साह और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है।कार्यक्रम के प्रथम दिवस बुधवार को विनोबागंज मोहल्ले में भव्य सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभा में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन, वरिष्ठ नेता संतोष चोपड़ा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष आदित्य मालू सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने समाज की एकजुटता और धार्मिक परंपराओं की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।सभा के पश्चात निकाला गया भव्य चल समारोह पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए और पूरे मार्ग पर उत्साह, ऊर्जा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहरवासियों ने भी जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।सागर मंथन विशेष उल्लेखनीय बात यह रही कि इस वार्षिकोत्सव में देश के विभिन्न हिस्सों से समाजजन बड़ी संख्या में नीमच पहुंचे हैं, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई है। दूसरे दिन महू रोड स्थित मरी माता मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का भी सशक्त माध्यम बन रहा है।







