नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। आईपीएल क्रिकेट के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना नीमच केंट ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सट्टा खेलने और अन्य लोगों को ऑनलाइन सट्टा आईडी उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,जबकि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े तीन मुख्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।गिरफ्तार आरोपी और नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने तिरूपती नगर निवासी 25 वर्षीय नीलेश पिता भेरूलाल आर्य को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन और ऑनलाइन सट्टे से जुड़ी मास्टर आईडी बरामद हुई हैं, जिनमें करीब 16 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब मिला है।
*घटना का तरीका*
जांच में सामने आया कि यह पूरा सट्टा रैकेट सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा था। फरार आरोपी विजय तिवारी, हरप्रीत उर्फ कोमल सरदार और मनीष द्वारा नीलेश को ऑनलाइन सट्टा खेलने की मास्टर आईडी उपलब्ध कराई जाती थी। इन मास्टर आईडी के माध्यम से नीलेश अन्य लोगों को “कमाई का लालच” देकर जोड़ता था और उन्हें सब-आईडी बनाकर देता था।
इसके बाद लोग इन सब-आईडी के जरिए क्रिकेट और अन्य खेलों में ऑनलाइन सट्टा लगाते थे, जिससे इस गिरोह को अवैध लाभ होता था। आरोपी विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से यह पूरा नेटवर्क संचालित कर रहे थे और बड़े पैमाने पर पैसे का लेनदेन कर रहे थे।
*इस मामले में तीन मुख्य आरोपी अभी फरार हैं*
विजय पिता देवीदीन तिवारी, निवासी इंद्रानगर नीमच,हरप्रीत सलूजा उर्फ कोमल सरदार,निवासी नीमच,मनीष पुस्तक, निवासी नीमच फरार है जिनकी पुलिज़ तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार ये तीनों आरोपी सट्टा नेटवर्क के मुख्य संचालक हैं, जो मास्टर आईडी उपलब्ध कराते थे और पूरे सिस्टम को कंट्रोल करते थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
*मुखबिर की सूचना से मिली सफलता*
17 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नीलेश आर्य मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्रीराम अस्पताल के सामने स्थित ग्राउंड के पास दबिश देकर आरोपी को पकड़ा और उसके मोबाइल से सट्टा गतिविधियों के पुख्ता सबूत मिले।
*पुलिस टीम का योगदान*
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक अखिलेश घोंगडे सहित नीमच केंट थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। आईपीएल के दौरान सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।







